IPL 2026 : आईपीएल 2026 का समापन हो गया। बीते दिन आरसीबी ने 5 विकेट सेे फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराकर खिताब अपने नाम किया। लेकिन आईपीएल 2026 सीजन का नाम जब भी लिया जाएगा, तब राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ( Vaibhav Sooryavanshi )को जरूर याद किया जाएगा। वैभव ने बेहद कम उम्र में इस सीजन के तहत दमदार प्रदर्शन किया। उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स खिताब भले ही नहीं जीत पाई है, लेकिन वैभव ने खुद आईपीएल 2026 में पांच बड़े अवॉर्ड जीतकर हर किसी को हैरान किया और नया इतिहास भी रच दिया।
आंकड़ों पर गौर करें तो पूरे टूर्नामेंट में वैभव ने 16 मैचों में 776 रन बनाए और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनकी बल्लेबाजी सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह मैदान पर आते ही गेंदबाजों पर हमला बोल देते थे। यही कारण रहा कि उनका स्ट्राइक रेट 237 से ऊपर रहा, जो पूरे सीजन में चर्चा का विषय बना रहा।
वैभव ने कई मुकाबलों में अकेले दम पर राजस्थान को जीत दिलाई, एक तरह से अपनी टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाने में वह कई बार वन मैन आर्मी भी बने। पावरप्ले से लेकर डेथ ओवरों तक उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की और पूरे सीजन में 72 छक्के लगाए। उनकी इसी विस्फोटक शैली ने विपक्षी टीमों के लिए लगातार मुश्किलें खड़ी कीं।
ये पांच बड़े अवॉर्ड किए अपने नाम
- ऑरेंज कैप — सबसे ज्यादा रन बनाने के लिए
- मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) — पूरे सीजन के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में
- इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन — युवा खिलाड़ियों में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन के लिए
- सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन — सबसे प्रभावशाली स्ट्राइक रेट के लिए
- सुपर सिक्सेस ऑफ the सीजन — सबसे ज्यादा छक्के लगाने के लिए
राजस्थान रॉयल्स का कैसा रहा सफर?
राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 में शानदार खेल दिखाया। टीम लीग चरण में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए प्लेऑफ तक पहुंची। बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी और बाकी खिलाड़ियों ने कई यादगार जीत दिलाईं। हालांकि टीम फाइनल तक पहुंचने में सफल नहीं हो सकी और उसका सफर प्लेऑफ चरण में समाप्त हो गया।
इसके बावजूद राजस्थान के लिए यह सीजन कई मायनों में खास रहा, क्योंकि टीम को वैभव सूर्यवंशी के रूप में एक ऐसा युवा सितारा मिला जिसने पूरे टूर्नामेंट में अपनी पहचान बना ली।आईपीएल 2026 में जहां कई बड़े नाम मैदान पर उतरे, वहीं वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। 776 रन, 72 छक्के और पांच बड़े अवॉर्ड उनके उस शानदार सीजन की कहानी बताते हैं, जिसने उन्हें भारतीय क्रिकेट का नया सुपरस्टार बना दिया।