FIFA World Cup 2026 : फुटबॉल के दीवानों के देश अर्जेंटीना में अंधविश्वास और खेल का रिश्ता कोई नई बात नहीं है। अब इस परंपरा को देश के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई भी निभाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि वह न्यू जर्सी में होने वाला फीफा विश्व कप फाइनल देखने स्टेडियम नहीं जाएंगे। उनकी मान्यता है कि जिस तरह उन्होंने अब तक हर मुकाबला अपने आधिकारिक आवास से देखा और टीम जीतती रही, उसी क्रम को जारी रखना ही बेहतर होगा। यही वजह है कि वह फाइनल भी घर से ही देखेंगे।
फुटबॉल का नया बादशाह? स्पेन ने फ्रांस को किया चित, फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंचा
‘लकी जैकेट’ की कहानी भी दिलचस्प
मिलेई ने अपने एक और अंधविश्वास का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि ठंड के बावजूद वह हीटर नहीं चलाते और एक विशेष ब्रांड की भारी जैकेट पहनकर मैच देखते हैं। स्विट्जरलैंड के खिलाफ क्वार्टर फाइनल के दौरान उन्हें गर्मी लगी तो उन्होंने जैकेट उतार दी। उसी दौरान अर्जेंटीना ने गोल खा लिया। इसके बाद उन्होंने दोबारा जैकेट पहन ली और मैच खत्म होने तक उसे नहीं उतारा। उनके अनुसार इसके बाद टीम ने वापसी की और जीत दर्ज की। तभी से उन्होंने इस जैकेट को अपना “लकी चार्म” मान लिया है।
इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंचा अर्जेंटीना
लियोनेल मेसी की अगुआई में अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार विश्व कप फाइनल में जगह बनाई। मुकाबले में अर्जेंटीना ने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की और खिताब बचाने की उम्मीदों को बरकरार रखा।
अब स्पेन से होगी खिताबी भिड़ंत
विश्व कप 2026 का फाइनल अब 19 जुलाई को अमेरिका के मेटलाइफ स्टेडियम, न्यू जर्सी में खेला जाएगा, जहां अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा। एक ओर अर्जेंटीना लगातार दूसरा विश्व कप जीतकर इतिहास रचना चाहेगा, तो दूसरी ओर स्पेन लंबे इंतजार के बाद दोबारा विश्व चैंपियन बनने के इरादे से मैदान में उतरेगा। ऐसे में दुनिया की नजरें इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी होंगी।