IND vs ENG Semi final : टी 20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मैच में भारत ने इंग्लैंड को मात देकर फाइनल में एंट्री मारी है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में एक हाईस्कोरिंग मैच देखने को मिला, जहां छक्कों की बरसात हुई। मुकाबले में भारत ने रोमांचक अंदाज में इंग्लैंड को 7 रन से हराने का काम किया। इस मैच के तहत ही छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना है।
हाईवोल्टेज मैच में कुल 34 छक्के देखने को मिले, जो टी20 विश्व कप के किसी एक मैच में सबसे ज्यादा छक्कों का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड है। बता दें कि 19 साल के टी 20 विश्व कप के इतिहास में आज तक ऐसा कभी नहीं हुआ था। मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले खेलते हुए 7 विकेट पर 253 रन बनाए थे, इसका पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट पर निर्धारित ओवर में 246 रन बनाने का काम किया और वह जीत से दूर रह गई।
भारत और इंग्लैंड के सेमीफाइनल मैच में 34 छक्के लगते ही पिछला 31 छक्कों का रिकॉर्ड टूट गया है जो इसी एडीशन के सुपर 8 में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच हुए मैच में बना था। दोनों टीमों ने मिलकर 31 छक्के लगाए थे। दिलचस्प बात यह रही है कि भारत और इंग्लैंड के बीच हुए मैच में कुल 73 बाउंड्री लगीं, जिनमें 39 चौके और 34 छक्के शामिल रहे। यह टी 20 विश्व कप इतिहास में किसी एक मैच में सबसे ज्यादा बाउंड्री हैं। इससे पहले इसी मैदान पर 2016 में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच 61 बाउंड्रीज लगी थीं।