Rinku Singh Father Passed Away: टीम इंडिया इन दिनों टी 20 विश्व कप में भाग ले रही है। बीते दिन भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से मात देकर अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदों को कायम रखा है। लेकिन इस जीत के बीच अब भारतीय खेमे में मातम पसर गया है। दरअसल भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह के पिता का निधन हो गया है। बता दें कि रिंकू सिंह के पिता कैंसर से जंग लड़ रहे थे, पिछले कुछ दिनों से वह अस्पताल में भी भर्ती थे।
T20 WC 2026 : अब चमत्कार के भरोसे पाकिस्तान, जानिए कैसे पहुंच सकता है सेमीफाइनल में
रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह स्टेज -4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे, उन्होंने ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। बता दें कि रिंकू सिंह टी 20 विश्व कप के बीच अपने पिता की गंभीर हालात होने पर उनसे मिलने के लिए भी आए थे और जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले जाने वाले मैच से पहले वह टीम के साथ फिर जुड़ गए थे। हालांकि जिम्बाब्वे के खिलाफ बीते दिन खेले गए मैच में वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे।
रिंकू सिंह ने टीम इंडिया तक पहुंचने के लिए काफी संघर्ष किया है और उनको इस मुकाम तक पहुंचाने में उनके पिता का बड़ा योगदान रहा है। बता दें कि रिंकू के पिता गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे, वह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक गैस एजेंसी में काम करते थे। उन्होंने परिवार में आर्थिक तंगी होने के बावजूद रिंकू सिंह के सपनों से समझौता नहीं किया और अपने बेटे को क्रिकेटर बनाने में पूरा सहयोग किया। अपने पिता के बदौलत ही रिंकू सिंह आज टीम इंडिया के अहम खिलाड़ी हैं।