Team India Semi-Finals Qualification Scenario : टीम इंडिया को टी 20 विश्व कप 2026 में सुपर 8 के पहले ही मैच में दक्षिण अफ्रीका खिलाफ करारी हार मिली है। अहमदाबाद में खेले गए अहम मैच में अफ्रीका ने डेविड मिलर की 35 गेंदों में 63 और डेवोल्ड ब्रेविस की 29 गेंदों में 25, साथ ही ट्रिस्टन स्टब्स की 24 गेंदों में नाबाद 44 रन की पारी के दम पर 187 रन बनाए, इसके जवाब भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रनों पर ढेर हो गई।
भारत के लिए शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 37 गेंदों में 42 रन बनाए। इस करारी हार के साथ ही भारत के लिए आगे की राह मुश्किल हो गई है। टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अब कड़ी मशक्कत करनी होगी। भारत को अपने बचे हुए सुपर 8 के दोनों मैच तो जीतने ही होंगे, साथ ही बाकी टीमों पर भी निर्भर रहना होगा।
शर्मनाक हार के बाद कैसे सेमीफाइनल में पहुंचेगा भारत
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद भी भारत सेमीफाइनल में पहुंच सकता है। सुपर 8 में भारत को अब 26 फरवरी को जिम्बाब्वे और 1 मार्च को वेस्टइंडीज से भिड़ंना है। भारत को अब किसी भी कीमत पर ये दोनों मुकाबले जीतने होंगे। इन दोनों टीमों को हराकर भारत अपने 4 अंक कर सकता है दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका एक मैच और जीतते हुए अपने चार अंक कर लेगी।
फिर ऐसे में टीम इंडिया को यह दुआ करनी होगी कि दक्षिण अफ्रीका अपने बाकी बचे मैच जीते। वहीं वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे अपने एक से ज्यादा मैच ना जीतें। ऐसा होने पर भारत और दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में इस ग्रुप से पहुंच सकती हैं। दूसरा समीकरण यह है कि भारत को सुपर 8 में बाकी बचे दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे ताकि उसका नेट रन रेट दो टीमों से बेहतर हो। सुपर 8 राउंड में भारत को दमदार प्रदर्शन तो करना ही होगा, साथ ही सेमीफाइनल का टिकट कटाने के लिए दुआ की भी जरूरत है।