T20 World Cup 2026, IND VS SA : सुपर 8 में टीम इंडिया हुई बुरी तरह फेल, ये रहे हार के बड़े गुनहगार

T20 World Cup 2026, IND vs SA : टी20 विश्व कप 2026 को जीतने की दावेदार मानी जा रही भारतीय टीम सुपर 8 के पहले ही मैच में जाकर बुरी तरह फेल हुई है। भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारत के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सुपर 8 का मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया, जहां दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर 7 विकेट पर 187 रन बनाए, वहीं इसके जवाब में टीम इंडिया 18.5 ओवर में 111 रनों पर जाकर ढेर हो गई। हम यहां उन खिलाड़ियों की बात कर रहे हैं, जो टीम इंडिया की इस करारी हार के बड़े दोषी रहे हैं।

ये भी पढ़ें : वर्ल्ड चैंपियन बनाया और जिताए कई मैच, फिर भी ये 5 दिग्गज क्रिकेटर कभी नहीं बन पाए टीम इंडिया के कप्तान

सूर्यकुमार यादव
कप्तान सूर्यकुमार यादव टीम इंडिया की शर्मनाक हार के बड़े दोषी रहे हैं। उन्होंने अक्षर पटेल जैसे स्टार खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन से बाहर करके टीम इंडिया का नुकसान किया। साथ ही वह खुद बल्ले से टीम के लिए योगदान नहीं दे सके। मुश्किल वक्त में सूर्यकुमार यादव से भारतीय टीम को एक अच्छी पारी की उम्मीद थी लेकिन वह 18 गेंदों में 22 रन बना सके।
ईशान किशन
अच्छी फॉर्म में चल रहे ईशान किशन भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फ्लॉप साबित हुए। ईशान किशन, अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज करने मैदान पर उतरे, लेकिन बुरी तरह फेल हो गए। ईशान किशन ने पहले ही ओवर में 4 गेंदों का सामना किया, लेकिन वह खाता नहीं खोल सके और कप्तान एडन मार्कराम की गेंद पर रियान रिकल्टन को कैच दे बैठे।

अभिषेक शर्मा
अभिषेक शर्मा का मौजूदा टूर्नामेंट में अबतक खराब प्रदर्शन रहा है। दक्षिण अफ्रीका से पहले खेले गए तीन मैचों में वह खाता नहीं खोल सके थे। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनसे काफी उम्मीद थी, लेकिन अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर से निराश किया। उन्होंने 12 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके और एक छक्के की मदद से 15 रन की पारी खेली।

तिलक वर्मा
टीम इंडिया के लिए नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे तिलक वर्मा भी फ्लॉप शो दिखाते हुए नजर आए। अभिषेक और ईशान जैसे ओपनर बल्लेबाजों के जल्द आउट होने के बाद तिलक वर्मा के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी थी, लेकिन वह अपनी भूमिका सही से नहीं निभा सके। तिलक वर्मा ने दो गेंदों में बस एक रन ही बनाया और पवेलियन लौट गए।
हार्दिक पांड्या
स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी टीम इंडिया की हार के बड़े दोषी रहे हैं, उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से ही निराश किया। पहले गेंदबाजी में उन्होंने 4 ओवर में 45 रन लुटाए और कोई विकेट भी नहीं मिला। वहीं इसके बाद बल्लेबाजी में भी योगदान नहीं दे सके। हार्दिक पांड्या ने 17 गेंदों का सामना करते हुए 18 रन बनाए, जिसमें एक छक्का उनके बल्ले से निकला।
वरुण चक्रवर्ती
मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का जादू भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नहीं चला। वरुण चक्रवर्ती ने अपनी 4 ओवर की गेंदबाजी में 47 रन लुटाए, वहीं एक विकेट मिला। वरुण चक्रवर्ती की खराब गेंदबाजी का अंदाजा इससे लगा सकते हैं कि वह सबसे महंगे गेंदबाज रहे हैं।

Leave a comment

पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया के जीत के हीरो