World Cup 2023 : आज यानि 19 नवंबर का दिन भारतीय क्रिकेट के लिए मनहूस साबित हुआ था क्योंकि टीम इंडिया इतिहास रचने से चूक गई थी। यही नहीं भारत का बड़ा सपना टूटा था, जिसके बाद विराट कोहली से लेकर रोहित शर्मा जैसे तमाम बड़े खिलाड़ियों की आंखों से मैदान पर ही आंसू निकाल आए थे।
World Cup 2023 Final, 19th November: बता दें कि आज ही के दिन भारत को वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व कप का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था। 1983 और 2011 के बाद भारत के पास तीसरी बार वनडे विश्व कप का खिताब जीतने का मौका था। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम इतिहास रच सकती थी, लेकिन हार के साथ ही यह सपना धराशयी हो गया।
पूरे टूर्नामेंट में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया था। वह फाइनल तक अजेय रहकर पहुंची थी। ऐसे में माना जा रहा था कि वह खिताब जीतेगी। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के दमदार प्रदर्शन के आगे भारतीय टीम पस्त हो गई। हार के बाद फैंस के साथ-साथ खिलाड़ी निराश नजर आए । यही नहीं विराट कोहली, रोहित शर्मा, मोहम्मद सिराज और केएल राहुल जैसे खिलाड़ियों की आंखें नम नजर आईं थीं।
ODI World Cup 2023 फाइनल मैच का हाल
मुकाबले की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करते हुए 240 रनों पर सिमट गई। केएल राहुल ने 66, विराट कोहली ने 54 और रोहित शर्मा ने 47 रन बनाए, इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 43 ओवरों में लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज की । ऑस्ट्रेलिया के लिए खतरनाक बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने 120 गेंदों में 137 रनों की तूफानी पारी खेली।