T20 World Cup 2026: टीम इंडिया का टी 20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन जारी है। भारतीय टीम टूर्नामेंट के अपने दूसरे मैच में नामीबिया से भिड़ंने वाली है। मुकाबला 12 फरवरी को खेला जाएगा। लेकिन इस मैच से पहले टीम इंडिया की टेंशन कुछ खिलाड़ियों की वजह से बढ़ी हुई है। इनमें पहला नाम अभिषेक शर्मा का है, जो बीमार होने के चलते अस्पताल में भी भर्ती हुए। नामीबिया के खिलाफ मैच से पहले टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा ने बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने जसप्रीत बुमराह और अभिषेक शर्मा को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।
नामीबिया के खिलाफ मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभिषेक शर्मा को लेकर तिलक ने अपडेट दिया है। उन्होंने कहा, जब हम दिल्ली पहुंचे तो अभिषेक की जांच हो चुकी थी वह जांच के लिए हॉस्पिटल गए थे। इसलिए मुझे लगता है कि उन्हें छुट्टी मिल गई है और वह ठीक हैं। इसलिए उम्मीद है कि हम गुरुवार तक तय कर लेंगे कि वह कैसा महसूस कर रहे हैं और हम उसके अनुसार चलेंगे।
बता दें कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टूर्नामेंट में भारत के पहले मैच में यूएसए के खिलाफ नहीं खेले थे। उनको लेकर भी तिलक वर्मा ने बड़ा अपडेट दिया है। तिलक वर्मा ने कहा कि, बुमराह मैच के लिए उपलब्ध हैं, लेकिन कॉम्बिनेशन पर आखिरी फैसला लेने के लिए हमारे पास अभी एक और दिन है।
गौरतलब हो कि अभिषेक शर्मा पहले मैच में यूएसए के खिलाफ खेले थे और उन्होंने पारी की शुरुआत भी की थी। लेकिन सेहत की दिक्कतों के कारण दूसरे हाफ में मैदान पर नहीं उतरे। दूसरी ओर तेज बुखार के कारण जसप्रीत बुमराह यूएसए के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं हो पाए थे। अब नामीबिया के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा नहीं खेल पाते हैं तो उनकी जगह संजू सैमसन पारी की शुरुआत करेंगे।