T20 World Cup 2026: सुपर 8 से पहले टीम इंडिया की खुली पोल, उजागर हुई बड़ी कमजोरी

T20 World Cup 2026 : सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम टी 20 विश्व कप में दमदार प्रदर्शन करते हुए सुपर 8 में पहुंच गई है। इंडिया का अब सुपर 8 राउंड में पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 22 फरवरी को होना है। लेकिन इस मैच से पहले भारतीय टीम की बड़ी कमजोरी उजागर हो गई है जो उसके लिए अब आगे भारी पड़ सकती है। बता दें कि ग्रुप मैचों के तहत भारत का सामना छोटी टीमों से हुआ था, पाकिस्तान के खिलाफ भी उसने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की थी। हालांकि इन टीमों के खिलाफ भारतीय बल्लेबाज कई मौकों पर फंसते हुए नजर आए थे।

सुपर 8 से पहले टीम इंडिया की बड़ी कमजोरी हुई उजागर

सुपर 8 राउंड से पहले टीम इंडिया की जो कमजोरी सामने आई है, वो है बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन। भारतीय टीम में 8 बल्लेबाजों में से कुल 6 बाएं हाथ के हैं और इस चीज का फायदा विरोधी टीमें उठाती हुई नजर आई हैं। इस वजह से उन्होंने पहले 6 ओवरों में ऑफ स्पिनर्स से गेंदबाजी कराके भारतीय बैटरों को फंसाने का काम् किया। ग्रुप स्टेज के 4 मैचों में टीम इंडिया ने ऑफ स्पिनर्स के खिलाफ कुल 102 गेंदें खेलीं। भारतीय टीम 6 से ज्यादा ओवर ऑफ स्पिन खेलने वाली 13 टीमों में सबसे कम रन रेट 6.23 रखती है।

ये भी पढ़ें : T20 World Cup 2026: सुपर 8 में कब-कब हैं भारत के मैच, यहां क्लिक करके देखें पूरा शेड्यूल

इस मामले में भारत से भी खराब प्रदर्शन नेपाल और ओमान का है। बाकी 11 टीमों ने टीम इंडिया से कहीं बेहतर ऑफ स्पिन को टैकल किया है और ऑफ स्पिन के खिलाफ 8 या उससे ज्यादा के रन रेट से बल्लेबाजी की। मौजूदा टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने 4 मैचों में स्पिनर्स के खिलाफ कुल 315 रन बनाए हैं। इस दौरान 15 विकेट गंवाए। स्पिन के खिलाफ टीम इंडिया का औसत 21 जबकि इकोनॉमी 7.50 की रही है। भारत का ऑफ स्पिन के खिलाफ औसत भी मात्र 13.25 का रहा है। इसका मतलब ये है कि टीम इंडिया ऑफ स्पिनर्स के खिलाफ 14 रन बनाने में एक विकेट गंवा रही है।

सुपर 8 में टीम इंडिया की मुश्किलें इसलिए बढ़ने वाली हैं क्योंकि विरोधी टीमों के पास ऑफ स्पिनर बॉलर हैं। टीम इंडिया को सुपर 8 राउंड में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से सामना करना है। इन तीनों ही टीमों के पास बढ़िया ऑफ स्पिनर मौजूद हैं। ये तीनों विरोधी टीमें भारत की कमजोरी का फायदा उठा सकती हैं। दक्षिण अफ्रीका के पास ऑफ स्पिनर के तौर पर एडन मार्कराम, जिम्बाब्वे के पास सिकंदर रजा और वेस्टइंडीज के पास रोस्टन चेज हैं। वैसे यह देखना बड़ी ही दिलचस्प होगा कि सुपर 8 राउंड में भारतीय बल्लेबाज कैसा प्रदर्शन करके दिखाते हैं।

Leave a comment

पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया के जीत के हीरो