T20 World Cup 2026 : सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम टी 20 विश्व कप में मुश्किल में फंसी हुई है। सुपर 8 के अपने पहले मैच में भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद से भारत के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल है। भारत को अब सुपर 8 के अपने दोनों मैच जीतने होंगे। ऐसे में अब उसका सामना आज यानि 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे से होने वाला है।
वापसी के लिए टीम इंडिया करेगी बड़े बदलाव
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में भारत की बल्लेबाजी बेहद खराब रही थी। टॉप ऑर्डर में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन फ्लॉप हुए थे, वहीं तिलक वर्मा का भी बल्ला नहीं चला था। ऐसे में माना जा रहा है कि जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच के लिए भारतीय टीम प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव कर सकती है। मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस करने आए भारत के बैटिंग कोच सितांशु कोटक के बयान से भारतीय प्लेइंग इलेवन को लेकर संकेत मिले हैं।
जिम्बाब्वे के खिलाफ ये हो सकती है प्लेइंग 11
सितांशु कोटक के बयान से यह जाहिर होता है कि भारतीय ओपनर्स यानि ईशान किशन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में टूट सकती है ? उन्होंने साथ ही कहा, हम दो चीजों पर विचार कर रहे हैं। पहला लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन और दूसरा टीम के बॉलिंग कॉम्बिनेशन। उनका कहना रहा है कि हमें अच्छे स्टार्ट की जरूरत ओपनिंग में है। इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी विभाग में बदलाव के संकेत दिए हैं।
बता दें कि भारत के जो ओपनर अभिषेक शर्मा और ईशान किशन हैं, दोनों लेफ्टी हैं और इसका फायदा विरोधी टीमें उठा रही हैं। साथ ही नंबर तीन पर खेलने वाले तिलक वर्मा भी लेफ्टी हैं। ऐसे में टॉप ऑर्डर में बड़ा बदलाव हो सकता है। अभिषेक शर्मा अभ्यास करते हुए दिखे हैं और ऐसे में उनके बाहर होने की संभावना नहीं है। रिंकू सिंह अपने पिता की तबियत खराब होने की वजह से टीम इंडिया से दूर हुए हैं और घर चले गए थे।
अगर वह बाहर होते हैं तो उनकी जगह संजू सैमसन खेल सकते हैं या फिर तिलक वर्मा को बाहर करके संजू सैमसन को मौका दिया जा सकता है। हालांकि यह देखना दिलचस्प होगा कि संजू सैमसन अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज करते हैं या नंबर पर तीन पर खेलते हैं। गेंदबाजी विभाग में बदलाव वाशिंगटन सुंदर के रूप में हो सकता है। जिनकी जगह अक्षर पटेल की वापसी हो सकती है। वैसे भी वह चेन्नई के मैदान पर कमाल करने के लिए जाने जाते हैं।
जिम्बाब्वे के खिलाफ ये हो सकती है भारत की प्लेइंग 11 (India’s playing 11 against Zimbabwe )
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह