T20 WC 2026 : टी 20 विश्व कप 2026 में सुपर 8 राउंड चल रहा है, जहां बीते दिन न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को मात देकर सेमीफाइनल में एंट्री की है। दूसरी ओर पाकिस्तान के लिए अब सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। बता दें कि पाकिस्तान का सुपर 8 राउंड में पहला मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ था जो बारिश की वजह से रद्द रहा था और दोनों टीमों को 1-1 प्वाइंट मिले थे। वहीं पाकिस्तान को अपने दूसरे मैच में इंग्लैंड के खिलाफ हार मिली थी।
पाकिस्तान का बस अब एक ही मैच श्रीलंका के खिलाफ बचा हुआ जिसे जीतकर वह अपने तीन अंक कर सकती है, लेकिन सेमीफाइनल में तो वह अब किसी चमत्कार के दम पर ही पहुंच सकती है। बता दें कि पाकिस्तान की टीम अभी आधिकारिक तौर पर टी 20 विश्व कप 2026 से बाहर तो नहीं हुई है, लेकिन उनके लिए सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग असंभव के बराबर है। ऐसा इसलिए क्योंकि श्रीलंका के खिलाफ जीत के बाद न्यूजीलैंड के खाते में 3 अंक हो गए हैं और उनका नेट रन रेट +3.050 है। पाकिस्तान के खाते में 1 अंक हैं और उनका नेट रन रेट -0.461 है।
कैसे सेमीफाइनल में पहुंच सकता है पाकिस्तान ( Pakistan’s semi-final scenario)
अब पाकिस्तान को यही दुआ करनी होगी कि 27 फरवरी को इंग्लैंड की टीम न्यूजीलैंड को इतनी बुरी तरह से हराए कि कीवी टीम का नेट रन रेट पाकिस्तान के कंट्रोल में आ सके। अगर ऐसा होता है तो पाकिस्तान के लिए चांस रहेगा, क्योंकि सुपर 8 में उनका आखिरी मैच 28 फरवरी को है। पाकिस्तान के लिए कहीं ना कहीं न्यूजीलैंड का बुरी तरह हारना जरूरी है, ताकि कीवी टीम के तीन अंक ही रहें। ऐसे में श्रीलंका को मात देकर पाकिस्तान भी 3 अंक तक पहुंच सकता है और वह अपना नेट रन रेट भी बेहतर कर सकता है।