T20 WC 2026 : टी 20 विश्व कप 2026 में सुपर 8 के पहले ही मैच में भारत की नाकामी ने बड़े सवाल खड़े कर दिए। भारत ने अपना पहला मैच सुपर 8 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बीते दिन खेला, जहां 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया की इस हार के बाद प्लेइंग इलेवन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। संजू सैमसन को मौका नहीं दिए जाने पर भी सवाल हैं। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में भारत की ओपनिंग जोड़ी अभिषेक शर्मा और ईशान किशन फ्लॉप रहे। ईशान किशन जहां खाता नहीं खोल सके, जबकि अभिषेक शर्मा ने पिछले तीन मैचों में लगातार शून्य पर आउट होने के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महज 15 रन की पारी खेली। वहीं नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरे तिलक वर्मा एक रन बना सके।
अभिषेक या तिलक, किसका कटेगा प्लेइंग इलेवन से पत्ता
टीम इंडिया को मिली इस हार के बाद अब अगले मैच में प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। मौजूदा टूर्नांमेंट के तहत संजू सैमसन को सही से मौके नहीं मिले, ऐसे में उनकी वापसी होती है तो अभिषेक या तिलक वर्मा में से किसी एक को बाहर होना पड़ सकता है। संजू सैमसन की वापसी से लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन भी भारत के बैटिंग ऑर्डर में आ जाएगा। फिलहाल अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और तिलक वर्मा तीनों ही लेफ्टी बल्लेबाज़ हैं।
हार के बाद कोच ने दिया बड़ा बयान
भारतीय टीम की हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक कोच रयान टेन डोएशो ने बड़ा बयान देते हुए कहा, हमें सोचना होगा। पिछले 5 मैचों में से 4 बार पार्ट टाइम ऑफ स्पिनर ने शुरुआत की और हर बार हमने विकेट खोया। हमें हर पारी की शुरुआत एक विकेट के साथ नहीं करनी है। इससे अन्य खिलाड़ियों पर दबाव बनता है। टीम में अनुभव की काफी कमी है और हमें एक स्थिर टीम चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि, इन खिलाड़ियों ने पहले भी कमाल किया है। सभी खिलाड़ी शानदार हैं।
रयान ने अपने बयान में संजू सैमसन की वापसी के संकेत भी दिए। उन्होंने कहा, सवाल यह है कि आप कॉम्बिनेशन के साथ बने रहेंगे, या बदलाव करेंगे? क्या आप उन लोगों के साथ बने रहेंगे, जिन्होंने पिछले 18 महीनों में कमाल किया है और अभी उतने रन नहीं बनाए हैं? या फिर हम बदलाव करके संजू सैमसन को लाएं। संजू भी शानदार खिलाड़ी हैं और उनके आने से हमारे पास एक दाएं हाथ का बल्लेबाज टॉप ऑर्डर में होगा। बता दें कि आने वाले मैचों में टीम इंड़िया की ओर से बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।