रोहित शर्मा के शतक से विश्व क्रिकेट में खलबली, दिग्गजों के क्लब में मारी एंट्री

IND vs AUS, Rohit Sharma: भारत ने आखिरी वनडे मैच में 9 विकेट से ऑस्ट्रेलिया को मात देकर अपनी लाज बचाई है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में हिटमैन बल्लेबाज रोहित शर्मा का जलवा देखने को मिला, जहां रोहित शर्मा ने दमदार शतक जड़कर कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए।

रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में अपना 33वां वनडे शतक लगाया, वहीं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में उनका 50 वां शतक रहा। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 50 शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में रोहित शर्मा भी शामिल हो गए हैं। सचिन तेंदुलकर ने 51 टेस्ट और 49 वनडे शतकों के साथ टॉप पर मौजूद हैं।

वहीं दूसरे नंबर पर विराट कोहली 30 टेस्ट और 51 वनडे और एक टी 20 अंतर्राष्ट्रीय शतक के साथ कुल 82 सेंचुरी लेकर मौजूद हैं। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 50 या उससे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में रोहित की भी एंट्री हो गई है। वैसे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो रोहित टॉप 10 की लिस्ट में आते हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में रोहित शर्मा जबरदस्त फॉर्म में नजर आए। पहले मैच में जरूर उनका बल्ला नहीं चला था, लेकिन इसके बाद उन्होंने दूसरे वनडे मैच में 73 और तीसरे मुकाबले में शतक जड़ दिया। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में रोहित शर्मा का हमेशा की तरह एक बार फिर बल्ला चला। इस मैच से पहले सिडनी में रोहित ने 5 मैचों में 333 रन बनाए थे, जो इस बात की गवाही दे रहे थे कि हिटमैन फिर यहां कमाल करेंगे।

बता दें कि आखिरी वनडे मैच को भले ही भारतीय टीम जीतने में सफल रही, लेकिन तीन वनडे मैचों की सीरीज पर ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 से कब्जा जमाया है। वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच पांच टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज भी खेली जाएगी, लेकिन विराट कोहली और  रोहित शर्मा इस सीरीज में नजर आएंगे। दोनों ही बल्लेबाज टी 20 अंतर्राष्ट्रीय और टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं, अब बस वह वनडे के तहत ही सक्रीय हैं।

Leave a comment

पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया के जीत के हीरो