IND VS PAK : शर्मनाक शिकस्त के बाद पाक कप्तान का उतरा चेहरा, जानिए किसके सिर फोड़ा हार का ठीकरा

IND VS PAK : टी 20 विश्व कप में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना दबदबा एक बार फिर कायम किया है। टीम इंडिया ने विश्व कप के मैच में 61 रनों से पाकिस्तान को धूल चटाने का काम किया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया, जहां टीम इंडिया पूरे मैच में पाकिस्तान पर हावी नजर आई । पाकिस्तान को मिली शर्मनाक हार से कप्तान सलमान अली आगा निराश नजर आए और उन्होंने मैच के बाद बड़ा बयान भी दिया। साथ ही यह भी बताया कि उनकी टीम से कहां चूक हुई, जिससे हार का सामना करना पड़ा।
मैच में मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा, हमारे स्पिनर्स आज ऑफ द डे पर थे, कुछ हिस्सों में एक्जीक्यूशन की कमी रही। हम अपने स्पिनर्स पर पूरा भरोसा करते हैं क्योंकि पिछले छह महीनों में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। साथ ही उन्होंने मैच के टर्निंग प्वाइंट को लेकर भी बात की । उन्होंने कहा, हमने पावरप्ले में बहुत सारे विकेट गंवा दिए, जो मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ।
आगे उन्होंने कहा कि, पहली पारी में पिच थोड़ी टैकी थी और गेंद अच्छे से ग्रिप कर रही थी। गेंदबाजी में भी एक्जीक्यूशन की कमी दिखी। लेकिन दूसरी पारी में पिच पहले से बेहतर खेल रही थी। सलमान आगा ने इस हार के बाद अब अगले मैच पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही जो नामीबिया से होना है।
कैसा रहा मैच का हाल
मुकाबले की बात करें तो पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारत ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। भारत के लिए ईशान किशन ने 40 गेंदों में 10 चौके और तीन छक्कों की मदद से 77 रन की धांसू पारी खेली। इस दौरान 192 का उनका स्ट्राइक रेट रहा।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों में 3 चौके की मदद से 32 रन और शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के के साथ 27 रन की पारी खेली। तिलक वर्मा ने 24 गेंदों में दो चौके और एक छक्के के साथ 25 रन बनाए। रिंकू सिंह ने 4 गेंद में नाबाद 11 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा तीन विकेट सैम आयुब को मिले, जबकि सलमान अली आगा, शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक़ को 1-1 विकेट मिला।
इसके जवाब में उतरी पाकिस्तान की बल्लेबाजी फ्लॉप रही और पूरी टीम 18 ओवर में 114 रनों पर ढेर हो गई। पाकिस्तान के लिए उस्मान खान ने 34 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 44 रन की पारी खेली। वहीं शाहीन अफरीदी ने 19 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 23 रन बनाए। भारत के लिए हार्दिक पांडया, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट लिए। वहीं कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने 1-1 विकेट लिया।

Leave a comment

पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया के जीत के हीरो