Kuldeep Yadav : चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने एशिया कप के पहले मैच में भी घातक गेंदबाजी यूएई के खिलाफ की थी। वहीं अब उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ भी अपनी गेंदबाजी से कहर बरपाने का काम किया। भारतीय टीम पाकिस्तान को 7 विकेट से मात देने में सफल रही। वहीं दमदार प्रदर्शन के लिए कुलदीप यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
ये भी पढ़ें : पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया के जीत के हीरो
चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ चार ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट लिए। उनके आगे पाकिस्तानी बल्लेबाज रन बनाने के लिए जूझते हुए नजर आए और रन बनाने के लिए तरसते नजर आए। कुलदीप यादव ने टी 20 एशिया कप में लगातार दो मैचों में 3 विकेट हॉल लिए हैं। उनसे पहले टी 20 एशिया कप में ऐसा कोई भी बॉलर नहीं कर पाया था। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने तीन विकेट लिए और यूएई के खिलाफ चार विकेट चटकाए थे। इन दोनों मैचों में दमदार खेल की बदौलत ही उन्होंने इतिहास रचा है।
कुलदीप ने 13 वें ओवर में मोहम्मद नवाज और हसन नवाज को आउट करके पाकिस्तान को तगड़े झटके दिए। इसके बाद उनके पास हैट्रिक लेने का मौका था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाए। कुलदीप यादव ने झटकों से पाकिस्तानी टीम उबर नहीं पाई और निर्धारित 20 ओवर्स में सिर्फ 127 रन ही बना सकी। बता दें कि मौजूदा एशिया कप में टीम इंडिया के लिए कुलदीप यादव ट्रंप कार्ड साबित हो रहे हैं।
गौरतलब हो कि एशिया कप 2025 में भारतीय टीम अपने दो मैच लगातार जीत चुकी है। पहले मैच में यूएई को भारत ने हराया था। इसके बाद पाकिस्तान को अब धूल चटाई है। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान ने पहले मैच में तो ओमान को हराया था, लेकिन इसके बाद भारत के खिलाफ हार से आगे की राह मुश्किल हो गई है।