IND vs PAK, Asia Cup 2025 : एशिया कप 2025 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम जबरदस्त फॉर्म में चल रही है। टीम इंडिया ने मौजूदा टूर्नामेंट में पाकिस्तान को दो बार धूल चटाने का काम किया है। भारत ने पहले जहां ग्रुप स्टेज के अपने दूसरे मैच में पाकिस्तान को करारी मात दी थी, वहीं इसके बाद सुपर फोर में भी भारत ने पाकिस्तान को बीते दिन 6 विकेट से हरा दिया।
IND vs PAK, Asia Cup 2025 : भारत-पाक के बीच एक बार फिर हो सकती है टक्कर
एशिया कप में ही भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर टक्कर देखने को मिल सकती है। जी हां, एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान तीसरी बार आमने-सामने हो सकते हैं। बता दें कि दोनों टीमों के बीच एशिया कप के फाइनल में टक्कर होने की संभावना जो 28 सितंबर को दुबई में ही खेला जाना है। लेकिन इसके लिए कुछ समीकरण बनना जरूरी है।
बता दें कि सुपर फोर में भारत ने अपना पहला मैच तो जीत लिया है, वहीं अब वह इसके बाद श्रीलंका और बांग्लादेश से मैच खेलेगी। ऐसे में टीम इंडिया एक और मैच जीत लेती है तो वह फाइनल का टिकट कटा लेगी। दूसरी ओर पाकिस्तान को अपने बाकी बचे दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे। ऐसे में पाकिस्तान को श्रीलंका को और बांग्लादेश को हराना होगा।
पाकिस्तान की टीम 23 सितंबर को श्रीलंका से मैच खेलने वाली है। सलमान अली आगा की कप्तानी वाली टीम अगर इस मैच को हार जाती है तो उस पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा भी मंडरा जाएगा। पाकिस्तान के लिए फाइनल में पहुंचना इतना आसान नहीं रहने वाला है। ऐसे में देखना होगा कि फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच जंग देखने को मिलती है या नहीं।