IND VS PAK, Ishan Kishan : टी 20 विश्व कप 2026 में बीते दिन भारत और पाकिस्तान के बीच टक्कर हुई। टीम इंडिया ने एकतरफा मुकाबले में पाकिस्तान को हरा दिया। भारतीय टीम के जीत के हीरो ईशान किशन रहे हैं, जिन्होंने तूफानी बल्लेबाजी से तहलका मचाने का काम किया और कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। ईशान किशन ने मुश्किल स्पिन पिच पर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से महफिल लूटने का काम किया।
ईशान ने मुकाबले में 27 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया और 40 गेंद पर 10 चौके और 3 छक्कों के साथ 77 रन ठोक दिए। इस दौरान 192.50 की स्ट्राइक रेट के साथ उन्होंने बल्लेबाजी की। ईशान किशन ने जहां हेड कोच का रिकॉर्ड ध्वस्त किया, बल्कि और 5 रिकॉर्ड भी चकनाचूर कर दिए। ईशान किशन अपनी 77 रन की पारी के दम पर टी 20 विश्व कप के इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय ओपनर बन गए, इस मामले में उन्होंने गौतम गंभीर को पीछे छोड़ दिया। बता दें कि 2007 के टी 20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ गौतम गंभीर ने 75 रन बनाए थे।
ईशान किशन को मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वो टी 20 विश्व कप के इतिहास में इसे जीतने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बन गए। वहीं ईशान किशन पाकिस्तान के खिलाफ टी 20 अंतर्राष्ट्रीय में अब चौथी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बैटर बने हैं। नंबर एक पर विराट का नाम है, जिन्होंने 2022 में नाबाद 82 रन ठोके थे। ईशान किशन पाकिस्तान के खिलाफ सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले भारतीय बन चुके हैं, उन्होंने 27 गेंदों में अर्धशतक लगाने का कारनामा किया है। भारत-पाकिस्तान मैच में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में किशन अब तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
इस सूची में पहले नंबर पर पाकिस्तान के मोहम्मद हाफिज हैं, जिन्होंने 2012 में भारत के खिलाफ 23 गेंद में 50 रन बनाए थे। ईशान किशन मौजूदा टी 20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। वो अब तक 3 पारियों में 52.66 की औसत से 158 रन बना चुके हैं, जिसमें 2 अर्धशतक निकले हैं, हाई स्कोर 77 रन है। आने वाले मैचों में ऐसा ही दमदार प्रदर्शन अगर वह जारी रखते हैं तो टॉप स्कोरर बन जाएंगे।