IND vs AUS 4th T20I Match Highlights in Hindi : भारत ने चौथे टी 20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को मात देकर पांच मुकाबलों की सीरीज में 2-1 से बढ़त हासिल कर ली है। दोनों टीमों के बीच क्वींसलैंड में मैच खेला गया, जहां टीम इंडिया 48 रनों से जीत दर्ज करने में सफल रही।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। ऐसे में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 167 रन बनाए। भारत के लिए शुभमन गिल ने 39 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 46 रन की पारी खेली। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 28 रन बनाए, इस दौरान 3 चौके और एक छक्का भी लगाया। शिवम दुबे ने 18 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 22 और अक्षर पटेल ने 11 गेंदों में एक चौके और एक छक्के के साथ नाबाद 21 रन की पारी खेली।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 10 गेंदों में दो चौके की मदद से 20 रन की पारी खेली।ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन एलिस और एडम जंपा ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए। वहीं जेवियर बर्लेट और स्टोइनिस ने 1-1 विकेट झटके। इसके जवाब में उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम 18.2 ओवर में 119 रनों पर जाकर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल मार्श ने 24 गेंदों में 4 चौके की मदद से 30रनों की पारी खेली। मैथ्यू शॉर्ट ने 19 गेंदों में दो चौके और इतने ही छक्कों की मदद से 25 रन की पारी खेली।
जोश इंग्लिस ने 11 गेंदों में 12, टिम डेविड ने 9 गेंदों में 14 और मार्कस स्टाइनिस ने 19 गेंदों में 17 रन की पारी का योगदान दिया। भारत की ओर से कमाल की गेंदबाजी करते हुए वाशिंगटन सुंदर ने तीन विकेट लिए। वहीं अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट चटकाए। अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने 1-1 विकेट लिया।