अभिषेक शर्मा ने बल्ले से मचाया तहलका, ध्वस्त किया रोहित शर्मा का छक्कों का महारिकॉर्ड

Abhishek Sharma : टीम इंडिया इन दिनों न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी 20 मैचों की सीरीज खेल रही है, जो आगामी टी 20 विश्व कप (T20 World Cup 2026 ) के लिहाज से काफी अहम है। टी 20 सीरीज का पहला मैच बीते दिन खेला गया, जहां टीम इंडिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 48 रनों से जीत दर्ज करके सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। टीम इंडिया की इस जीत में बल्ले से बड़ा योगदान, युवा स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का रहा। अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का नजारा पेश किया। उन्होंने छक्कों की बरसात भी की और इस दौरान ही हिटमैन रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया।
IND VS NZ : अभिषेक शर्मा ने की तूफानी बल्लेबाजी
पहला टी 20 मैच नागपुर में खेला गया, जहां टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 238 रन बनाए। टीम इंडिया के लिए स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा घातक फॉर्म में नजर आए। अभिषेक शर्मा ने बल्ले से जलवा दिखाते हुए 240 की स्ट्राइक रेट के साथ 35 गेंदों में 84 रन ठोके। इस दौरान 5 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के लगाए।
रोहित का छक्कों का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
अभिषेक शर्मा ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से मैदान पर छक्कों की बरसात की, वहीं हिटमैन रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।अभिषेक शर्मा ने भारत के लिए सबसे ज्यादा 4 बार एक टी 20 अंतर्राष्ट्रीय पारी में 8 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने का कमाल कर दिखाया। अभिषेक शर्मा ने यह रिकॉर्ड बनाकर रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया। बता दें कि रोहित शर्मा टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।
रोहित ने भारत के लिए 3 बार एक टी 20 अंतर्राष्ट्रीय पारी में 8 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने का कारनामा किया था। अब अभिषेक शर्मा ने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। इस मामले में रोहित शर्मा के बाद संजू सैमसन ने तीन बार, सूर्यकुमार यादव ने दो बार और केएल राहुल ने भी एक बार टी 20 अंतर्राष्ट्रीय की पारी में 8 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं।
IND VS NZ 1st T20 :टीम इंडिया को मिली सीरीज में पहली जीत
अभिषेक शर्मा के अलावा भारत के लिए रिंकू सिंह ने 20 गेंदों में 4 चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 44 रन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 22 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 32 रन की पारी खेली। हार्दिक पांड्या ने 16 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के के साथ 25 रन बनाए। इस तरह भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 239 रनों का लक्ष्य रखा।
न्यूजीलैंड की टीम ने इसके जवाब में 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन बनाए। ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंदों में 4 चौके और 6 छक्कों के साथ 78 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। भारत की ओर से शिवम दुबे और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट लिए। वहीं अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल ने 1-1 विकेट लिया।

Leave a comment

पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया के जीत के हीरो